अगले दौर की जलवायु योजनाओं को पूरा करने के लिए अच्छे खासे धन की आवश्यकता है: सीओपी
देवेंद्र नरेश
- 24 Jul 2024, 04:14 PM
- Updated: 04:14 PM
नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) पिछले सीओपी और अगले दो संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलनों के अध्यक्षों ने कहा है कि भविष्य की जलवायु योजनाओं को पूरा करने के वास्ते अच्छी खासी धनराशि की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आवश्यक साधनों के बिना जलवायु महत्वाकांक्षा को पूरा करने में ‘‘स्पष्ट चुनौतियां’’ हैं।
संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन और उसके पेरिस समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले देशों को लिखे पत्र में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), अजरबैजान और ब्राजील ने कहा है कि वैश्विक तापमान को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने के लिए राष्ट्रीय जलवायु योजनाओं (राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान या एनडीसी) के अगले दौर को पूरा करने के लिए काफी साधनों की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों में निष्पक्षता और समानता झलकनी चाहिए तथा संवेदनशील देशों की विशेष जरूरतों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
सीओपी28, सीओपी29 और सीओपी30 के मेजबानों ने अपने पत्र में देशों से आग्रह किया कि वे फरवरी 2025 तक होने वाली अगले दौर की एनडीसी में अधिक महत्वाकांक्षा के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि इन एनडीसी को वास्तव में परिवर्तनकारी होना चाहिए, प्रभावी जलवायु कार्रवाई के लिए निवेश को बढ़ावा दिया जाना चाहिए और सतत विकास लक्ष्यों का समर्थन करना चाहिए।
पत्र में कहा गया है कि यह माना जाता है कि 1.5 डिग्री सेल्सियस एनडीसी सामूहिक रूप से निर्धारित हमारे लक्ष्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक होगा।
पेरिस में 2015 में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु वार्ता में विश्व के नेताओं ने जलवायु परिवर्तन के सबसे बुरे प्रभावों से बचने के लिए वैश्विक औसत तापमान वृद्धि को पूर्व-औद्योगिक औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने की प्रतिबद्धता जताई थी।
वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों, मुख्य रूप से कार्बन डाइऑक्साइड और मीथेन की तेजी से बढ़ती सांद्रता के कारण पृथ्वी की सतह का वैश्विक तापमान पहले ही लगभग 1.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ चुका है।
सीओपी ट्रोइका ने कहा कि 1.5 डिग्री सेल्सियस के लक्ष्य को राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित तरीके से पहुंच के भीतर रखने के लिए ‘‘दुनिया के मौजूदा विकास मॉडल को बदलने और विभिन्न दृष्टिकोणों को शामिल करने’’ की आवश्यकता है।
‘ट्रोइका’ में सीओपी28 का आयोजन करने वाला देश संयुक्त अरब अमीरात, अजरबैजान (सीओपी29 का आयोजन स्थल) और ब्राजील (सीओपी30 का आयोजन स्थल) शामिल है।
भाषा
देवेंद्र