गैस पाइपलाइन विस्फोट में झुलसी इन्फ्लुएंसर को हवाई मार्ग से अहमदाबाद भेजा जाए : उच्च न्यायालय
जोहेब
- 25 Jun 2026, 10:35 PM
- Updated: 10:35 PM
इंदौर, 25 जून (भाषा) मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने इंदौर में गैस पाइपलाइन विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसी 27 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को विशेष उपचार के लिए बृहस्पतिवार को हवाई मार्ग के जरिये अहमदाबाद भेजने का निर्देश दिया।
अदालत ने कहा कि महिला के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति जय कुमार पिल्लई ने स्थानीय वकील रितेश इनानी की दायर जनहित याचिका पर यह निर्देश दिया।
याचिका पर सुनवाई के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर जिनी झाला (27) के भाई यशवीर झाला की ओर से हस्तक्षेप आवेदन दायर किया गया।
आवेदन में कहा गया कि विस्फोट में गंभीर रूप से घायल जिनी की एक सर्जरी बुधवार को स्थानीय अस्पताल में की गई थी, लेकिन इस प्रकार की व्यापक जलन संबंधी चोटों के लिए विशेष उपचार केवल अहमदाबाद के जाइडस अस्पताल में उपलब्ध है और परिजन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को वहां स्थानांतरित करना चाहते हैं।
खंडपीठ ने कहा,"पक्षों की दलीलों पर उचित विचार करने और पीड़ित महिला की तस्वीरों को देखने के बाद अदालत इस आवेदन को स्वीकार करने के पक्ष में है। इसलिए राज्य सरकार के वकील को निर्देश दिया जाता है कि वह सुनिश्चित करें कि जिनी को इलाज के लिए इंदौर से हवाई मार्ग के जरिये अहमदाबाद भेजा जाए।"
उच्च न्यायालय ने निर्देश दिया कि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त, इंदौर के जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) आवश्यक व्यवस्थाएं करें और जिनी के उपचार का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाए।
अदालत ने कहा कि उसके निर्देश के अनुपालन की रिपोर्ट 30 जून तक प्रस्तुत की जाए।
सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने यह भी कहा कि 24 जून को उसने राज्य सरकार के अधिवक्ता को याचिकाकर्ता की उस शिकायत पर निर्देश प्राप्त करने को कहा था जिसमें कहा गया था कि विस्फोट में घायल लोगों से इंदौर के बॉम्बे अस्पताल में चिकित्सा व्यय वसूला जा रहा है।
इंदौर नगर निगम की ओर से पेश अधिवक्ता ऋषि तिवारी ने अदालत को बताया कि इस निजी अस्पताल को आवश्यक निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और उसे घायल व्यक्तियों से कोई राशि नहीं लेने को कहा गया है।
पुलिस के अनुसार 23 जून को इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की भूमिगत लाइन के ऊपर चल रही खुदाई के दौरान ड्रिलिंग मशीन के लाइन से टकराने के बाद विस्फोट हुआ था। इस घटना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर महिला समेत चार लोग झुलस गए थे और दो वाहन जल गए थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल पर अवैध रूप से नलकूप खनन किया जा रहा था, जबकि नगर निगम का दावा है कि वहां भूजल पुनर्भरण के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था।
भाषा हर्ष जोहेब
जोहेब
2506 2235 इंदौर