घरेलू सहायिका की हत्या: दिल्ली की अदालत ने आरोपी चिकित्सक को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
पवनेश
- 19 Jun 2026, 06:16 PM
- Updated: 06:16 PM
नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके में स्थित अपने घर में घरेलू सहायिका की हत्या के आरोपी 50 वर्षीय त्वचा रोग विशेषज्ञ (डर्मेटोलॉजिस्ट) को शुक्रवार को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान चिकित्सक ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराग छाबड़ा ने आरोपी को दो दिन हिरासत में भेजने संबंधी दिल्ली पुलिस की अर्जी पर सुनवाई की।
पुलिस के मुताबिक, डॉ. मनीष गुप्ता ने बृहस्पतिवार सुबह अपने घर पर घरेलू सहायिका मीना की कथित तौर पर क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर और कई बार चाकू मारकर हत्या कर दी। चिकित्सक को कथित तौर पर शक था कि मीना काला जादू करती है और परिवार में इसी लिए लगातार झगड़े हो रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने डॉ. गुप्ता की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि इस बात की जांच करने की ज़रूरत है कि क्या इस मामले में कोई और भी शामिल था व मामले से जुड़ी नई जानकारियां जुटानी हैं।
इस अर्ज़ी का विरोध करते हुए बचाव पक्ष के वकील ने अदालत में कहा कि आरोपी पिछले 24 घंटों से पुलिस हिरासत में है।
वकील ने अपनी दलील में कहा, '' पुलिस ने सब कुछ ज़ब्त कर लिया है। चिकित्सक पिछले 24 घंटों से पुलिस हिरासत में हैं। वह पहले से ही अवसाद में हैं।''
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवसाद के उपचार की दवाएं ले रहा है और उसने कथित तौर पर अपनी छत पर 45 साल की घरेलू सहायिका पर हमला किया।
जब पुलिस पहुंची, तो वह खून से लथपथ शव के पास खड़ा मिला और उसने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने कहा कि चिकित्सक के माउंट कैलाश स्थित घर पर हुई हत्या के पीछे की असल वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है और परिवार के भीतर के झगड़ों और उनकी मानसिक स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस को पूर्वाह्न करीब 11:36 बजे एक निवासी ने सूचना दी कि पड़ोस की एक इमारत की छत पर एक महिला की हत्या कर दी गई है और वह खून से लथपथ पड़ी है।
आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। शुरुआती पूछताछ में उसने कथित तौर पर माना कि उसने पहले मीना पर बैट से हमला किया और फिर चाकू घोंपा। पुलिस ने घटनास्थल से बैट और चाकू, दोनों ज़ब्त कर लिए हैं।
जांचकर्ताओं ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि उसे लगता था कि मीना काला जादू करती है और घर में उसकी मौजूदगी से परिवार की शांति भंग हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, चिकित्सक पिछले दो-तीन साल से मीना को नौकरी से हटाना चाहते थे, लेकिन उनकी पत्नी इसके खिलाफ थीं। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर तनाव रहता था।
जांच अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या लंबे समय से हो रहे घरेलू झगड़े, पति-पत्नी के बीच अनबन और आरोपी की मानसिक हालत ने इस हत्या में कोई भूमिका निभाई है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अवसाद का इलाज करवा रहा था और अवसाद के उपचार की दवाएं ले रहा था। पुलिस आरोपी की 'मेडिकल हिस्ट्री' भी देख रही है और परिवार के सदस्यों से भी बात कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की पत्नी भी चिकित्सक हैं और आयुर्वेदिक डर्मेटोलॉजिस्ट के तौर पर काम करती हैं, जबकि उनके बेटे ने हाल में 12वीं कक्षा पास की है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हत्या से पहले कोई बहस हुई थी और क्या उस समय घर में परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
स्थानीय लोगों और घरेलू कामगारों के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले छत से चीखने-चिल्लाने की आवाज़ें सुनाई दी थीं।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश
1906 1816 दिल्ली