मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड सरकार राज्यव्यापी अभियान शुरू करेगी
संतोष
- 09 Jun 2026, 11:15 PM
- Updated: 11:15 PM
देहरादून, नौ जून (भाषा) उत्तराखंड सरकार नरेन्द्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर राज्यभर में जनसंपर्क, जागरूकता और कल्याण कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित करेगी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को मंगलवार को निर्देश दिया कि वे इन कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें ताकि नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकारों की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और कल्याणकारी पहलों की जानकारी दी जा सके।
निर्देशों के अनुसार, राज्यभर में 12 से 14 जून तक ''उपलब्धि प्रदर्शनी'' आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में प्रमुख विकास कार्यों, नीतिगत फैसलों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा ताकि नागरिकों को सरकार की प्रगति की समग्र जानकारी मिल सके।
धामी ने अधिकारियों को प्रत्येक विकासखंड में जनकल्याण शिविर लगाने का भी निर्देश दिया।
इन शिविरों में जनता और केंद्र एवं राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया जाएगा।
सभी जिलों में 12 जून को जिला-स्तरीय संवाददाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दोनों सरकारों की उपलब्धियों पर विस्तृत और तथ्यों पर आधारित प्रस्तुतियां तैयार करने का निर्देश दिया ताकि यह जानकारी विभिन्न मीडिया चैनलों के जरिये जनता तक व्यापक रूप से पहुंचाई जा सके।
इसके अलावा, संबंधित जिलों के प्रभारी मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्रों में संवाद कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।
इन कार्यक्रमों में विकास परियोजनाओं की जानकारी साझा करने और जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि पार्टी हर साल जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करती है।
भारद्वाज ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जैविक खेती पर कार्यशालाएं आयोजित करेंगे और केंद्र एवं राज्य सरकारों की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए बुद्धिजीवियों से संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी 11 जून को प्रदेश पार्टी कार्यालय से मीडिया संवाद की शुरुआत करेंगे और सभी जिला प्रभारी मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में संवाददाता सम्मेलन करेंगे।
भारद्वाज ने कहा कि वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ता 12 से 16 जून के बीच प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दिन का प्रवास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगी, बलिदान दिवस मनाएगी और आपातकाल की बरसी को काला दिवस के रूप में चिह्नित करेगी।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष
0906 2315 देहरादून