शिवकुमार दिल्ली का दौरा करेंगे, कांग्रेस नेताओं के साथ मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा की संभावना
माधव
- 09 Jun 2026, 10:36 PM
- Updated: 10:36 PM
बेंगलुरु, नौ जून (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार बुधवार से दो दिनों के लिए नयी दिल्ली में रहेंगे, इस दौरान वह पार्टी नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और राज्य के कुछ मंत्रियों में असंतोष के बीच मंत्रिमंडल विस्तार और विभागों के आवंटन के मुद्दों पर चर्चा कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद, दिल्ली की अपनी पहली यात्रा के दौरान, वह नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में भी भाग लेंगे और कुछ शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
शिवकुमार द्वारा मीडिया के साथ साझा की गई यात्रा की योजना के अनुसार, वह बुधवार दोपहर तक नयी दिल्ली पहुंचेंगे और दोपहर में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद, वह कांग्रेस मुख्यालय और पार्टी की विभिन्न इकाइयों के कार्यालयों का दौरा करेंगे। शाम को वह वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
बृहस्पतिवार को वह नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद की बैठक में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कई कांग्रेस विधायक अगले मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान उसमें जगह पाने के लिए दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। मंत्रिमंडल में नये चेहरों को शामिल करने की मांग की जा रही है।
सिद्धरमैया के 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद, शिवकुमार ने 3 जून को 13 मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल स्वीकृत संख्या 34 है, जिनमें से 20 पद अभी भी रिक्त हैं, और ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि इनमें से अधिकांश पद इस महीने के अंत तक भर दिए जाएंगे।
वृहद बेंगलुरु विकास विभाग पाने वाले मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा बेंगलुरु दो अहम विभागों - बेंगलुरु विकास प्राधिकरण (बीडीए) और बेंगलुरु महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बीएमआरडीए) - पर मुख्यमंत्री के सीधा नियंत्रण रखने को लेकर कथित तौर पर नाराज हैं, इसलिए उन्होंने (गौड़ा ने) अभी तक अपने विभाग का कार्यभार नहीं संभाला है।
उन्हें वृहद बेंगलुरु प्राधिकरण (जीबीए) और इसके अंतर्गत आने वाले पांच नगर निगम, बेंगलुरु जल आपूर्ति और सीवेज बोर्ड (बीडब्ल्यूएसएसबी) तथा बेंगलुरु मेट्रो की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, गौड़ा दिल्ली में आला कमान से मिलने आए हैं ताकि उन्हें अपने विभाग के संबंध में स्पष्टता मिल सके, क्योंकि बीडीए और बीएमआरडीए शहर के लिए नियोजित कई प्रमुख बड़ी परियोजनाओं के लिए जिम्मेदार हैं।
इस बीच, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री के.एच. मुनियप्पा, जिन्होंने इस विभाग को लेकर खुलकर असंतोष व्यक्त किया था, ने कथित तौर पर आज यहां हवाई अड्डे पर कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी से मुलाकात की।
राहुल यहां कांग्रेस सचिव सूरज हेगड़े को श्रद्धांजलि देने आये थे जिनका रविवार रात निधन हो गया था।
आवंटित विभाग अपने पास रखने से जुड़े सवाल के जवाब में मुनियप्पा ने संवाददाताओं से कहा, ''मैं आला कमान के निर्देशों का पालन करूंगा।''
भाषा सुभाष माधव
माधव
0906 2236 बेंगलुरु