ओडिशा में महिला से दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार
संतोष
- 08 Jun 2026, 07:23 PM
- Updated: 07:23 PM
भुवनेश्वर, आठ जून (भाषा) ओडिशा में 23 वर्षीय महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में सोमवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना शनिवार रात पिपिली थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस ने बताया कि 36 वर्षीय आरोपी को जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया गया है।
भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जगमोहन मीणा ने संवाददाताओं को बताया कि भुवनेश्वर के एक छात्रावास में रहने वाली पीड़िता नौकरी की तलाश कर रही थी, तभी वह आरोपी के संपर्क में आई। आरोपी ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इस काम के लिए पांच जून को उससे 30,000 रुपये लिए।
अधिकारी ने कहा, ''बाद में पीड़िता के बैंक खाते में दो लाख रुपये जमा हो गए, जिससे महिला और उसकी मां डर गईं। आरोपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि यदि कोई समस्या आई तो वह पुलिस को संभाल लेगा।''
उन्होंने कहा, ''इसके तुरंत बाद आरोपी ने एक ऐसे नंबर से पीड़िता को फोन किया जिससे जुड़ी 'प्रोफाइल तस्वीर' में एक पुलिसकर्मी की तस्वीर को दर्शाया गया था। हालांकि, महिला वह कॉल नहीं उठा सकी। बाद में उसने आरोपी को इसकी जानकारी दी, जिसने दावा किया कि यह फोन धौली थाने से आया था और वह इस मामले को सुलझा देगा।''
मीणा ने कहा कि आरोपी ने पीड़िता को धौली इलाके में आने के लिए कहा, जहां उसने महिला से मुलाकात की और उसे पास के पिपिली स्थित एक होटल में ले गया।
अधिकारी ने बताया, "आरोपी उसे होटल के कमरे में छोड़कर चला गया और देर रात वापस लौटा। उसने महिला को बताया कि वे अगली सुबह एएसआई (सहायक उप-निरीक्षक) से मिलेंगे। छात्रावास लौटने के महिला के अनुरोध के बावजूद आरोपी ने उसे रात भर वहीं रुकने के लिए मना लिया। इसके बाद उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और किसी को भी इस बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।''
डीसीपी ने बताया कि आरोपी अगली सुबह पीड़िता को उसके छात्रावास छोड़ने गया। हालांकि, पीड़िता ने अपनी मां को इस बात की जानकारी दी और दोनों ने रविवार को धौली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मीणा ने कहा, "हालांकि यह घटना पिपिली थाना क्षेत्र में हुई थी, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए हमने धौली थाने में प्राथमिकी दर्ज की और सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।"
भाषा सुमित संतोष
संतोष
0806 1923 भुवनेश्वर