दिल्ली होटल अग्निकांड: लेखाकार जय मिश्रा ने अदालत में आत्मसमर्पण किया, पुलिस हिरासत में भेजा गया
संतोष
- 08 Jun 2026, 06:51 PM
- Updated: 06:51 PM
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के होटल में आग लगाने की घटना में 22 लोगों की मौत के मामले में आरोपी जय मिश्रा ने सोमवार को यहां एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
मिश्रा ने न्यायिक मजिस्ट्रेट भानु प्रताप सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण किया और दिल्ली पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि होटल मालिक लवकेश बजाज के करीबी सहयोगी और लेखाकार मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (मानव जीवन, स्वास्थ्य या सुरक्षा को खतरा पहुंचाना) के तहत 2024 में भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। होटल में सुरक्षा व्यवस्था न होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने बताया कि होटल के प्रमुख दस्तावेज मिश्रा के नाम पर हैं।
पुलिस ने पिछले सप्ताह होटल मालिक की हिरासत मांगते हुए अदालत के समक्ष तर्क दिया कि मिश्रा और होटल प्रबंधक राकेश की भूमिका प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाई गई थी, इसलिए उन्हें ढूंढने और गिरफ्तार करने के लिए बजाज की हिरासत आवश्यक थी।
मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टेज 'बेड एंड ब्रेकफास्ट' में चार जून को लगी आग के सिलसिले में कुछ अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिश्रा बजाज को लगभग एक दशक से जानता है और उसके कई व्यावसायिक हितों के लिए बिचौलिए के रूप में काम करता था, साथ ही वित्तीय और लेखा संबंधी मामलों को भी संभालता था।
जांचकर्ताओं का मानना है कि उसने होटल के दैनिक कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इसके प्रबंधन, लाइसेंसिंग, वित्त और परिचालन संबंधी निर्णयों में उसकी संलिप्तता की सीमा की भी जांच की जा रही है।
उसका पता लगाने के लिये कई पुलिस दलों का गठन किया गया था और उत्तर प्रदेश व बिहार में छापेमारी की गयी थी।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दिल्ली पुलिस इस त्रासदी की जांच का दायरा बढ़ा रही है, जो हाल के वर्षों में राजधानी में हुए सबसे घातक होटल अग्निकांडों में से एक है।
पुलिस ने इससे पहले हिरासत में लिये गए होटल मालिक बजाज से, संपत्ति के स्वामित्व संरचना, वित्त, सुरक्षा अनुपालन और परिचालन प्रक्रियाओं के संबंध में पूछताछ की थी।
पूछताछ के दौरान, बजाज ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने होटल के संचालन का जिम्मा मिश्रा को सौंप दिया था।
अधिकारी दस्तावेजों, वित्तीय अभिलेखों और अन्य व्यावसायिक लेन-देन की जांच कर रहे हैं ताकि यह निर्धारित किया जा सके कि होटल के संचालन के लिए कौन जिम्मेदार था और क्या अनिवार्य सुरक्षा मानदंडों की अनदेखी की गई थी।
भाषा प्रशांत संतोष
संतोष
0806 1851 दिल्ली